Dhyan Ke Kamal #1
Osho's original Hindi alongside Osho Live's English translation, matched passage by passage. Read only the Hindi or only the English.
इंद्रियों की पकड़ में जो नहीं आता वही अविनाशी है। और जब मैं कहता हूं सुबह आपसे कि उसका स्पर्श करें, तो मेरा अर्थ यह नहीं है कि इंद्रियों से स्पर्श करें। इंद्रियों से तो जिसका स्पर्श होगा वह विनाशी ही होगा। लेकिन एक और भी गहरा स्पर्श है जो इंद्रियों से नहीं होता, अंतःकरण से होता है। और जब मैं कहता हूं, उसे सुनें, या मैं कहता हूं, उसे देखें, तो वह देखना और सुनना इंद्रियों की बात नहीं है। ऐसा भी सुनना है जो इंद्रियों के बिना भीतर ही होता है। और ऐसा भी देखना है जो आंखों के बिना भीतर ही होता है। उस भीतर सुनने-देखने और स्पर्श करने की ही बात है। और यदि उसका अनुभव शुरू हो जाए, तो फिर वह जो विनाशी दिखाई पड़ता है चारों ओर, उसके भीतर भी अविनाशी का सूत्र अनुभव में आने लगता है।
That which does not come within the grasp of the senses is the imperishable. And when, in the morning, I say to you, “Touch it,” I do not mean, “Touch it with the senses.” Whatever is touched by the senses is bound to be perishable. But there is a deeper touch that does not happen through the senses—it happens through the inner being. And when I say, “Listen to it,” or “See it,” that seeing and hearing are not matters of the senses. There is a kind of hearing that happens within without the senses, and a kind of seeing that happens within without the eyes. I am speaking of that inner hearing, seeing, and touching. And if that experience begins, then even in what appears perishable all around, the thread of the imperishable begins to be felt within it.
विरोध जरा भी नहीं है। दिखाई पड़ता है। और दिखाई पड़ेगा। धर्म की सारी भाषा ही कंट्राडिक्ट्री, विरोधों से भरी हुई है। उसका कारण है। क्योंकि हमें जिस भाषा का उपयोग करना पड़ता है, वह भाषा उसके लिए बनाई नहीं गई है जिसके लिए हमें उसका उपयोग करना पड़ता है।
There is not the slightest contradiction. It appears so—and will appear so. The whole language of religion is contradictory, full of opposites. There is a reason: the language we have to use was not created for that for which we are compelled to use it.
‘स्पर्श’ तो बनाया गया है इंद्रिय के अनुभव के लिए; लेकिन इसका उपयोग करना पड़ता है अतींद्रिय अनुभव के लिए भी। ‘दर्शन’ तो बनाया गया है आंख के उपयोग के लिए; लेकिन जब हम कहते हैं ‘प्रभु-दर्शन’, तो आंख का कोई लेना-देना नहीं है। जो भी हमारे पास शब्द हैं, जो भी भाषा है, वह सब इंद्रिय के लिए है। और जिस समाधि की ओर हम कदम रखना चाहते हैं वह अतींद्रिय है। भाषा इंद्रियों की है, अनुभव अतींद्रिय का है। निश्चित ही विरोध मालूम पड़ेंगे। जिस भाषा में हम कह रहे हैं, वह भाषा ही उसके लिए नहीं है, जिसे कहना चाहते हैं।
“Touch” was coined for sensory experience; yet we have to use it for the supersensory as well. “Darshan” was made for the use of the eyes; but when we say “darshan of the divine,” the eyes have nothing to do with it. Whatever words we have, whatever language there is, it is all for the senses. And the samadhi toward which we wish to step is beyond the senses. The language belongs to the senses; the experience is of the beyond. Naturally, contradictions will seem to be there: the very language we are speaking in is not meant for what we want to say.
लेकिन अगर इतना समझ में आ जाए, तो फिर खयाल रखें कि भाषा केवल इशारा है। इशारे को अगर बहुत जोर से पकड़ लेंगे, तो गड़बड़ हो जाएगी। इशारा छोड़ देने के लिए है। चांद की तरफ मैंने अंगुली उठाई और कहा कि यह चांद है। आप चाहें तो मेरी अंगुली पकड़ सकते हैं और कह सकते हैं कि चांद यहां कहां है? मेरी अंगुली में चांद नहीं है। अंगुली का चांद से कुछ लेना-देना भी नहीं है। अंगुली और चांद के बीच किसी तरह का कोई संबंध भी नहीं है। फिर भी अगर मेरी अंगुली को छोड़ कर आपकी आंखें चांद की तरफ उठ जाएं, तो अंगुली चांद को बता सकती है। लेकिन अगर आप अंगुली को ही जोर से पकड़ लें और कहने लगें कि इसी अंगुली को बता कर तो कहा था कि चांद है। कहां है चांद? तो अड़चन होगी, तो कठिनाई होगी।
But if this much is understood, then remember: language is only a pointer. If you clutch the pointer too tightly, there will be confusion. A pointer is meant to be left behind. I raise a finger toward the moon and say, “That is the moon.” You can, if you wish, seize my finger and ask, “Where is the moon here?” The moon is not in my finger. The finger has nothing to do with the moon. There is no relationship between the finger and the moon; yet if you let go of my finger and let your eyes rise toward the moon, the finger can indicate the moon. But if you keep holding the finger tightly and begin to insist, “By pointing with this finger you said there is a moon—so where is the moon?” then there will be obstruction, there will be difficulty.
शब्द निःशब्द की ओर इशारा बन सकते हैं। वाणी मौन की तरफ इशारा बन सकती है। लेकिन अगर वाणी को पकड़ा, तो मौन की कोई खबर न मिलेगी। और अगर शब्द को पकड़ा, तो निःशब्द की तरफ आंख न उठेगी।
Words can serve as pointers toward the wordless; speech can point toward silence. But if you hold on to the speech, you will get no news of silence. And if you hold on to the words, your eyes will not lift toward the wordless.
कहता हूं: स्पर्श। और फिर भी प्रयोजन नहीं है स्पर्श से। कहता हूं: सुनें। फिर भी सुनने को वहां कोई शब्द नहीं है। कहता हूं: देखें। फिर भी आंखों का वहां कोई उपयोग नहीं है। इशारे को समझें और यात्रा पर निकल जाएं।
I say: “Touch.” And yet the aim is not sensory touch. I say: “Listen.” Yet there is no word there to be heard. I say: “See.” Yet the eyes have no use there. Understand the pointer—and set out on the journey.
थोड़े से फर्क हैं। वह फर्क भी संन्यास का फर्क नहीं है, पुराने और नये का ही फर्क है। संन्यास का तो क्या फर्क हो सकता है! संन्यास तो कभी भी घटित होगा, वही होगा। समय संन्यास में कोई फर्क नहीं ला सकता। दस हजार साल पहले अगर कोई संन्यासी हुआ होगा और आज कोई संन्यासी होगा, तो संन्यास में तो कोई फर्क नहीं हो सकता; लेकिन रूप, आवरण, आकृति में फर्क हो सकता है। होना ही चाहिए।
There are a few differences. Even those are not differences in sannyas itself; they are simply the differences between “old” and “new.” What difference can there be in sannyas? Whenever sannyas happens, it is the same. Time cannot change sannyas. If someone became a sannyasin ten thousand years ago and someone becomes one today, sannyas itself cannot be different; only the form, the coverings, the outer shape can differ—and they should.
पुराना संन्यास कुछ आधारशिलाओं पर खड़ा था। वे आधारशिलाएं समाज से कभी की गिर गईं। लेकिन पुराना संन्यास अभी भी उन्हीं पर खड़े रहने की कोशिश कर रहा है। इससे पुराना संन्यास धीरे-धीरे अवरुद्ध होता चला गया। उसकी धारा क्षीण हो गई। जीवन का बहुत बड़ा व्यापक समूह उसमें सम्मिलित नहीं हो पाया।
The old sannyas stood upon certain foundational stones. Those stones long ago collapsed in society. But the old sannyas is still trying to stand upon them. Because of this, it has become more and more blocked; its stream has grown feeble; a large segment of life could no longer be included in it.
अब जैसे, पांच हजार साल पहले, अगर बेटा संन्यास लेना चाहता हो, तो बाप की प्रसन्नता का कोई अंत न होता। क्योंकि इससे बड़ी कोई घटना नहीं घट सकती थी कि बेटा संन्यासी हो जाए। बाप की प्रार्थना यही हो सकती थी कि बेटा संन्यासी हो जाए। तो उस दिन घर को छोड़ कर जाना, जरा भी कठिनाई न थी। पत्नी आनंदित होती कि उसका पति संन्यासी हुआ। क्यों? क्योंकि सारी संस्कृति, सारे समाज के सोचने का ढंग मोक्षोन्मुख था। मोक्ष ही अंतिम फल था जीवन का। वहीं पहुंच जाना है सभी को।
For example, five thousand years ago, if a son wanted to take sannyas, a father’s joy knew no bounds. Nothing greater could happen than that the son became a sannyasin. The father’s own prayer would be: may my son take sannyas. So leaving the home was not difficult in those days. The wife rejoiced that her husband had become a sannyasin. Why? Because the entire culture, the whole social outlook, was oriented toward moksha—liberation was life’s ultimate fruit. Everyone was to arrive there.
जिस दिन समाज को हमने इस भांति तैयार किया था कि मोक्ष अंतिम मंजिल थी, उस दिन पत्नी भी चाहती थी कि पति मोक्ष पहुंच जाए। पति भी चाहता था कि पत्नी मोक्ष पहुंच जाए। और जब भी कोई कदम रखता तो सारा समाज, परिवार सहयोगी होता। वही हमारी प्रार्थना थी। बेटा पैदा होता, उसके पहले भी मां की प्रार्थना यही थी कि वह संन्यासी हो जाए।
In those days we had structured society in such a way that moksha was the final goal. On that day the wife also desired that the husband attain moksha; the husband desired the same for the wife. And whenever anyone took a step toward it, the whole society, the whole family became cooperative. That was our prayer. Even before a son was born, the mother’s prayer was that he become a sannyasin.
वह वक्त गया। समाज का सारा ढांचा बदल गया। आज अगर पति शराबी हो जाए तो चल सकता है; संन्यासी हो जाए तो नहीं चल सकता। बेटा चोर हो जाए, बाप बरदाश्त कर सकता है; लेकिन बेटा संन्यासी होने की बात करे तो बाप बरदाश्त नहीं कर सकता। मोक्ष केंद्र से हट गया। धन केंद्र पर है, धर्म केंद्र पर नहीं है अब।
Those days are gone. The entire social framework has changed. Today if a husband becomes a drunkard, that can be tolerated; if he becomes a sannyasin, it cannot. If a son becomes a thief, a father may bear it; but if the son speaks of becoming a sannyasin, the father cannot bear it. Moksha has slipped from the center. Wealth is now at the center; religion is not.
तो आज भी अगर हम चाहते हैं कि घर छोड़ कर जाने वाला संन्यास ही हमें स्थापित रखना है, तो इस दुनिया में रोज संन्यासी कम होते जाएंगे और आप शीघ्र पाएंगे कि संन्यासी खो गए। वे नहीं बच सकते।
So if, even today, we insist on maintaining only that form of sannyas which leaves the home, then every day the number of sannyasins will diminish—and soon you will find that they have vanished. They cannot survive.
एक नये संन्यास को जन्म देना पड़ेगा, जो घर के भीतर फलित हो सके--जहां आप हैं, वहीं। पति हैं, तो पति रहते हुए। पिता हैं, तो पिता रहते हुए। बेटे हैं, तो बेटा रहते हुए। वह आपका जो बाहर का जगत है, उसे छुए बिना। वह जैसा है उसे वैसा ही स्वीकार करके। आपके भीतर क्रांति घटित हो, तो हम इस जगत में विराट पैमाने पर संन्यासियों का आंदोलन चला सकते हैं। अन्यथा संन्यास करीब-करीब मृतप्राय है।
A new sannyas will have to be born—one that can flower within the home, right where you are. If you are a husband, then while remaining a husband; if you are a father, then while remaining a father; if you are a son, then while remaining a son—without touching your outer world, accepting it as it is. Let the revolution happen within. Then we can create a vast movement of sannyasins in this world. Otherwise, sannyas is almost moribund.
इसका दूसरा परिणाम यह होता है, उस जमाने में, आज से पांच हजार साल पहले, जो हमारे बीच क्रीम थे, प्रतिभा के धनी थे, वे लोग संन्यासी होते थे। स्वभावतः, क्योंकि संन्यास से श्रेष्ठ कुछ भी नहीं था। तो जो हमारे बीच श्रेष्ठतम प्रतिभा के लोग होते थे, वे संन्यासी होते थे।
There is another consequence. In those ancient times, five thousand years ago, the “cream” among us—the truly gifted—would become sannyasins. Naturally so, because nothing was considered higher than sannyas. The finest talents went to sannyas.
आज धन से श्रेष्ठ कुछ भी नहीं है। तो हमारे बीच जो श्रेष्ठतम प्रतिभा के लोग हैं, वे धन कमाने में, यश कमाने में लग जाते हैं। और संन्यास की तरफ जाने वाला जो वर्ग है, वह एकदम प्रतिभाहीन वर्ग होता है। और ध्यान रखें, जिस दिशा में भी प्रतिभाहीन लोगों की संख्या बढ़ जाएगी और प्रतिभावान लोगों की संख्या कम हो जाएगी, वह दिशा बहुत जल्दी...
Today nothing is considered higher than wealth. So the finest talents rush toward making money, toward fame. The class that now drifts toward sannyas tends to be talentless. And remember: wherever the untalented begin to dominate and the talented become scarce, that direction very quickly withers.
प्रतिभा को संन्यास से जोड़ना हो तो संन्यास को ऐसा रूप देना पड़ेगा कि प्रतिभाशाली उससे जुड़ सके। क्यों? छोड़ने की जो भाषा है वह आउट ऑफ डेट हो गई है, वह समय के बाहर पड़ गई है। छोड़ने की भाषा ही समय के बाहर पड़ गई है। युग-युग की भाषा होती है। अगर आज भी हम छोड़ने की भाषा में बोले चले जाएं तो वह किसी की समझ में नहीं पड़ने वाला है। वह भाषा हमें बदल देनी पड़ेगी। अब तो हमें संन्यास को भी उपलब्धि की भाषा में, पाने की भाषा में रखना होगा।
If we want to reconnect talent with sannyas, we must give sannyas such a form that the talented can be attracted to it. Why? Because the language of “renunciation” has become out of date. It has fallen outside the times. Each age has its own language. If we keep speaking in the language of renunciation today, it will not be understood. We will have to change the language. Now we must present sannyas in the language of attainment, in the language of gaining.
पुराना संन्यास कहता था: संसार छोड़ना संन्यास है। मैं कहता हूं: परमात्मा को पाना संन्यास है। वह जो निगेटिव खयाल था छोड़ने का--यह छोड़ो, यह छोड़ो, यह छोड़ो--वह आज कारगर नहीं है। न होने का कारण है। जब लोग बहुत संतुष्ट होते हैं तो पाने की भाषा काम नहीं करती; उनके पास जो है वह काफी है। जब लोग बहुत संतुष्ट होते हैं तो पाने की भाषा काम नहीं करती। जब लोग बहुत असंतुष्ट होते हैं तब छोड़ने की भाषा काम नहीं करती। वैसे ही इतने परेशान हैं, अब और छोड़ने की बात आप उनसे करिए? प्रत्येक आदमी को लग रहा है, मेरे पास कुछ है ही नहीं। अब उससे आप छोड़ने की बात करिए?
वक्त था पांच-दस हजार साल पहले, प्रत्येक को लगता था, उसके पास सब कुछ है। जिसके पास सब कुछ है, वह छोड़ने में आनंद ले सकता है।
The old sannyas said: leaving the world is sannyas. I say: attaining the divine is sannyas. That negative attitude of “drop this, drop that, drop that”—today it does not work. And there is a reason. When people are very content, the language of gaining doesn’t work; what they have seems enough. When people are very discontent, the language of renunciation doesn’t work. They are already so harassed—now you ask them to give up more? Everyone feels, “I have nothing.” And you tell them to renounce? They will say, “What should I drop? I don’t have anything.”
हम सब ऐसे दीन-हीन हैं, हमारे पास ज्यादा है उस समय से, लेकिन हमारी वृत्ति आज ऐसी है कि हमारे पास कुछ भी नहीं है। अब यह ‘कुछ भी नहीं है’ जिसको लग रहा हो उससे कहिए--छोड़िए! वह कहेगा, क्या छोडूं? मेरे पास अभी कुछ है ही नहीं।
युग के साथ भाषा बदल देनी पड़ती है। पुराना संन्यास निगेटिव लैंग्वेज, निषेध की भाषा बोलता था। नया संन्यास पाजिटिविटी, विधायक भाषा बोलेगा--पाने की बात। और मजा यह है कि संसार को कोई छोड़ सके तो भी परमात्मा को पा लेता है और कोई परमात्मा को पाने में लग जाए तो भी संसार छूट जाता है। ये एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। असल में, परमात्मा को पाने में जो लगा, उसका संसार अपने आप छूटना शुरू हो जाता है। लेकिन इस छूटने को, बाहर से छोड़ने की कोई जरूरत नहीं; यह भीतर से छूट जाए, काफी है।
With the age, the language must be changed. The old sannyas spoke a negative language—the language of negation. The new sannyas will speak a language of positivity, of construction—of attainment. And the beauty is: if someone can leave the world, he attains the divine; and if someone sets out to attain the divine, the world falls away on its own. They are two sides of the same coin. In truth, the one who becomes intent on attaining the divine finds the world beginning to slip away by itself. But let this dropping be from within; there is no need to enforce it from the outside. If it slips inwardly, that is enough.
नया संन्यास, आप जहां हैं, आपकी परिस्थिति को वैसा ही स्वीकार करता है। मनःस्थिति को बदलना चाहता है, परिस्थिति को नहीं। यद्यपि मनःस्थिति के बदलते ही परिस्थिति दूसरी होनी शुरू हो जाती है। क्योंकि सब परिस्थिति हमारी व्याख्या है, इंटरप्रिटेशन है।
The new sannyas accepts you exactly where you are. It seeks to change the state of mind, not the circumstances. Although, as the state of mind changes, circumstances begin to appear different—because what we call circumstances is largely our interpretation.
तो मैं आपसे कहता हूं, संसार को छोड़ना नहीं है, संसार को अभिनय मात्र बना लेना है। पिता हैं, अभिनय किए चले जाएं। और ध्यान रहे, अभिनय करने में जितने आप कुशल हो सकते हैं, उतने कर्ता होने में कभी भी कुशल नहीं हो सकते। पिता होने को बहुत गंभीरता से न लें, खेल समझें। पति होने को बहुत गंभीरता से न लें, खेल समझें। एक नाटक का हिस्सा समझें। और मजे से पूरा करें। अगर आपको संसार नाटक हो जाए, तो आप संन्यास की तरफ चल पड़े।
So I say to you: do not leave the world; transform it into a mere play. If you are a father, play the role. And understand: you can be far more skillful in acting than you can ever be in being the doer. Do not take being a father too seriously—take it as play. Do not take being a husband too seriously—take it as play. See it as a part in a drama, and perform it joyfully. If the world becomes a play for you, you have begun to walk toward sannyas.
वह जो पुराना संन्यास था, उस दिन हम संन्यासी को सिर पर ले लेते थे। क्योंकि सारा समाज मानता था कि हम नहीं हो सके तो कोई बात नहीं, एक भी अगर हमारे बीच फूल खिल सका है, तो हम उसे सिर पर ले लेते थे। सम्राट भी संन्यासी के पैर में गिर जाता था।
In those ancient days we carried the sannyasin on our heads, because the whole society believed: even if we cannot become that, it is enough that at least one flower among us has bloomed. Emperors would fall at a sannyasin’s feet.
आज संन्यासी को फिक्र करनी पड़ती है कि फलां मिनिस्टर उससे मिलने आ जाए, अखबार में नाम छप जाए, तो बहुत अच्छा। आज कोई संन्यासी के पास जाता हुआ मालूम नहीं पड़ता। हां, हारे हुए लोग जाते हैं। कोई मिनिस्टर हार जाए इलेक्शन में तो संन्यासियों की शरण में जाता है, जीता हुआ कोई भी नहीं जाता। जैसे ही कोई पदों से च्युत होता है, वैसे ही धर्म-भावना पैदा होनी शुरू हो जाती है। नहीं तो नहीं पैदा होती।
Today the sannyasin worries: if only such-and-such minister would come to see him; if his name appeared in the newspapers, how nice it would be. These days it seems no one goes to a sannyasin—only the defeated. If a minister loses an election, he goes to take refuge with sannyasins; no victorious person goes. As soon as someone loses his position, a religious feeling arises; otherwise it does not.
लेकिन वह वक्त और था। सम्राट भी पैर छूता था भिखारी के।
But that was another time—when emperors touched the feet of beggars.
मैंने सुना है कि बुद्ध का एक गांव में आगमन हुआ। उस गांव के सम्राट ने अपने वजीर से पूछा कि क्या मुझे जाना पड़ेगा बुद्ध के स्वागत के लिए?
वजीर ने गौर से अपने सम्राट को देखा और कहा, मेरा इस्तीफा स्वीकार कर लें!
सम्राट ने कहा कि भई ऐसी कौन सी बात हो गई?
उस बूढ़े वजीर ने कहा, जब सम्राट पूछने लगे कि बुद्ध का स्वागत करने क्या मुझे जाना पड़ेगा? तो वह जगह रहने योग्य न रही। मैं यह छोड़ देता हूं जगह।
सम्राट ने कहा, ऐसा मत करो! मैं तो सिर्फ तुमसे सलाह लेता हूं बुजुर्ग आदमी की तरह। और मैंने तो इसलिए पूछा कि क्या यह उचित होगा कि एक भिखारी का स्वागत करने एक सम्राट जाए, भिक्षा-पात्र लिए आदमी का!
उस वजीर ने कहा, साम्राज्य उस आदमी के पास भी था, वह उसे छोड़ सका है। साम्राज्य आपके पास भी है, अभी आप उसे पकड़े हुए हो। वह रास्ते का भिखारी दिखाई पड़ता है, लेकिन सम्राटों का सम्राट है। क्योंकि साम्राज्य को छोड़ सका है। तुम सम्राट दिखाई पड़ते हो, लेकिन भिखारियों में भिखारी हो। क्योंकि अभी इतने जोर से पकड़े हुए हो। उसका स्वागत करने जाना ही पड़ेगा!
I have heard: Buddha arrived in a certain town. The local king asked his vizier, “Must I go to welcome Buddha?” The vizier looked keenly at his king and said, “Please accept my resignation!” The king asked, “What has happened?” The old vizier replied, “When a king begins to ask whether he must go to welcome Buddha, that place is no longer fit to live in. I resign.” The king said, “Don’t do that! I only sought your advice, as one seeks from an elder. I asked whether it is proper for a king to go welcome a beggar—a man with a begging bowl!” The vizier said, “He too had a kingdom, and he could renounce it. You too have a kingdom, and you still clutch it. He looks like a beggar by the road, but he is the emperor of emperors—because he could leave his empire. You look like a king, but you are the beggar of beggars—because you are clinging so hard. You must go to welcome him!”
यह वक्त और था। तब छोड़ कर आदमी इतना धनी हो जाता था जिसका हिसाब नहीं। सड़क का भिखारी होकर सम्राट हो जाता था। वे दिन और थे। निषेध की भाषा काम करती थी। छूट कर इतना मिलता था जिसका हिसाब नहीं। आज मिल कर भी उतना नहीं मिलता है। तो भाषा बदलनी पड़ती है। तो मैं उपलब्धि की भाषा बोलता हूं। और कहता हूं, कुछ छोड़ना मत। जहां हैं वहीं रह कर, जो भी चारों तरफ हो रहा है, उसे नाटक भर समझ लेना और करते चले जाना। नाटक समझते ही भीतर से कुछ धागा टूट जाएगा, सेतु टूट जाएगा, ब्रिज गिर जाएगा। जो जोड़ता था मोह, जोड़ती थी आसक्ति, वह विदा हो जाएगी।
That was another time. Then, by renouncing, one became so rich that it was beyond measure. As a beggar by the road, he became an emperor. Those were days when the language of negation worked. By dropping, one received immeasurably. Today, even by getting, one does not receive that much. So the language has to change. Therefore I speak the language of attainment. And I say: don’t drop anything. Stay where you are, take whatever is happening around you as a play, and keep doing it. The very moment you see it as play, something within breaks—a thread snaps, a bridge collapses. What used to bind—attachment—departs.
और आज समाज संन्यासी को खिलाने के लिए राजी नहीं होगा। क्योंकि वह तो तब खिलाने-पिलाने के लिए राजी था, जब सोचता था कि संन्यास जीवन का फूल है।
And today society will not be ready to feed sannyasins. People were willing then because they saw sannyas as life’s ultimate flower.
अभी थाईलैंड की सरकार ने नियम बनाया है कि कोई भी व्यक्ति बिना सरकारी आज्ञा के संन्यास नहीं ले सकेगा।
अब जिस दिन सरकारी आज्ञा लेनी पड़ती हो संन्यास के लिए, उस दिन संन्यास का क्या मतलब होगा? वह कोई ड्राइविंग लाइसेंस है कि संन्यास का लाइसेंस लेना पड़े!
Just now the government of Thailand has made a rule that no one may take sannyas without government permission. The very day sannyas needs government permission, what meaning remains? Is it like a driving license, that one must get a license for sannyas?
लेकिन मजबूरी है, वक्त की मजबूरी है। थाईलैंड की आबादी है चार करोड़ और बीस लाख संन्यासी हैं। वह बीस लाख संन्यासियों को चार करोड़ की आबादी अब पालने को राजी नहीं है। मुश्किल भी है। चार करोड़ की आबादी में बीस लाख संन्यासियों को कैसे पाला जा सकता है? कठिन है।
But it is the compulsion of the times. Thailand’s population is forty million, and there are two million sannyasins. A population of forty million is no longer willing to support two million sannyasins. It is difficult. How can four crores support twenty lakhs of sannyasins? It’s hard.
रूस में संन्यासी खो गया। जहां-जहां समाजवाद आएगा, वहां-वहां संन्यासी खो जाएगा। क्योंकि संन्यासी शोषक मालूम पड़ेगा। संन्यासी कभी जीवन की परम उपलब्धि था, आज वह एक्सप्लाइटर मालूम पड़ेगा, शोषक मालूम पड़ेगा, कि मुफ्तखोर है। अगर संन्यास को बचाना है, तो संन्यासी की रूप-रेखा बदलनी पड़ेगी। संन्यासी को श्रम करना पड़ेगा, तो ही बच सकता है भविष्य में। वह अब दूसरे पर निर्भर नहीं हो सकेगा। एक रोटी मांगनी भी अब जहालत है।
In Russia sannyas disappeared. Wherever socialism comes, there sannyas disappears—because the sannyasin appears to be an exploiter. Once sannyas was life’s supreme attainment; today he seems an exploiter, a freeloader. If sannyas is to be saved, its form must change. The sannyasin will have to work; only then can he survive in the future. He can no longer depend on others. Even asking for a piece of bread is now ignorance.
वे दिन और थे। संन्यासी को भिक्षा तो देनी ही पड़ती थी, साथ में संन्यासी का धन्यवाद भी करते थे लोग कि तुमने भिक्षा स्वीकार की। दक्षिणा का वही अर्थ है-- भिक्षा के बाद दिया गया धन्यवाद। आपने भिक्षा स्वीकार की, यह अनुग्रह है आपका।
There were other days. One had to give alms to a sannyasin—and along with it, people offered their thanks for his accepting the alms. That is the meaning of dakshina: a thanks given after alms. “You accepted our alms—this is your grace upon us.”
आज भिक्षा देने को ही कोई राजी नहीं है। भिक्षा देने के बाद अनुग्रह संन्यासी को ही स्वीकार करना पड़ेगा कि बड़ी कृपा है आपकी कि दो रोटी मुझे दीं।
Today no one is willing even to give alms. After giving, it is the sannyasin who must express gratitude: “It is your great kindness that you gave me two rotis.”
वे दिन बहुत अदभुत रहे होंगे। कैसे लोग थे! भिक्षा देंगे, पैर छुएंगे, फिर दक्षिणा देंगे धन्यवाद की कि आप आए। आप इनकार भी कर सकते थे।
Those must have been wondrous days. What people they were! They would give alms, touch the feet, and then offer dakshina—thanks—that you came. You could even refuse.
आज हम पूछते हैं कि यह संन्यासी जो खा रहा है, इसके बदले में क्या दे रहा है?
Today we ask, “What is this sannyasin giving in return for what he eats?”
तो आज पुराना संन्यास टिक नहीं सकता। आप उसे थोड़े-बहुत दिन खींच लें। वह मर गया, वह बच नहीं सकता। क्योंकि समाज का पूरा रुख और है। अब तो वही संन्यासी बचेगा जो श्रम कर रहा होगा, दफ्तर में काम कर रहा होगा, दुकान पर मेहनत कर रहा होगा। जो अपनी रोटी खुद पैदा कर रहा होगा, और दस लोगों के लिए रोटी पैदा कर रहा होगा, वही संन्यासी भविष्य में बच सकता है।
So the old sannyas cannot last. You may drag it along for a few days, but it is dead; it cannot survive. Because the entire direction of society has changed. Now only that sannyasin will survive who labors—who works in an office, toils in a shop; who produces his own bread—and produces bread for ten others. Only such a sannyasin can survive in the future.
तो नया संन्यास जीवन को निषेध करने के लिए नहीं कहता। आप जहां हैं, वैसे ही। बहुत छोटी सी सूचनाएं भर नये संन्यास में हैं। गैरिक वस्त्र है, वह सिर्फ इसलिए है ताकि आपको स्मरण रहे, और आपके आस-पास के समाज को भी स्मरण रहे, कि यह आदमी अब नाटक की तरह जीएगा। छोड़ कर नहीं जाएगा, लेकिन नाटक की तरह जीएगा। वह रिमेंबरिंग के लिए, सिर्फ स्मरण के लिए है।
Thus the new sannyas does not ask you to negate life. Stay where you are, as you are. There are only a few small indications in the new sannyas. The ochre robe is only so that you remember—and those around you also remember—that this person will now live as if in a play. He will not go away; he will live as play. It is merely for remembering—for remembrance.
और एक ही शर्त मैंने नये संन्यास के साथ रखी है, बाकी सब शर्तें हटा दी हैं। क्योंकि बाकी सब शर्तें अब बेकार हैं। एक ही शर्त रखी है। और वह शर्त यह है कि संन्यासी चौबीस घंटे में कम से कम घंटे भर ध्यान कर रहा होगा, बस।
And I have kept only one condition with the new sannyas; I have dropped all the others, because they are now useless. Only one condition: a sannyasin will meditate at least one hour in every twenty-four.
मेरा मानना ऐसा है कि अगर ध्यान फलित होने लगे तो बाकी सब शर्तें पीछे के दरवाजे से भीतर आ जाती हैं। उनको लाने की जरूरत नहीं है। क्योंकि जो ध्यान को उपलब्ध होगा, वह धीरे-धीरे ब्रह्मचर्य की तरफ खिंचता चला जाएगा।
मैं नहीं कहता कि ब्रह्मचर्य की शर्त रखें। और वह ब्रह्मचर्य क्या जिसे बांध कर लाया जाए! उसका कितना मूल्य है! लेकिन ध्यान गहरा होगा तो कामवासना नीचे गिरेगी, अपने आप। अगर न गिरे तो यही समझना कि ध्यान नहीं ठीक हो रहा है, और कुछ समझने की जरूरत नहीं है।
My understanding is that if meditation begins to bear fruit, all other conditions enter from the back door; they don’t need to be brought. One who attains to meditation will gradually be drawn toward brahmacharya. I do not say, “Impose brahmacharya”—and what is the worth of a celibacy that is enforced? But as meditation deepens, sexual energy will settle down on its own. If it does not, know simply that the meditation is not right; nothing else needs to be understood.
मैं नहीं कहता, क्रोध मत करना। क्योंकि ध्यान बढ़ेगा तो क्रोध असंभव हो जाएगा। मैं नहीं कहता कि मांसाहार छोड़ना। क्योंकि जिसका ध्यान गहरा होगा, वह मांसाहार कर कैसे पाएगा? इसलिए मैंने सब शर्तें हटा दी हैं। और सिर्फ एक बेसिक कंडीशन रखी है कि भीतर ध्यान बढ़ता जाए और बाहर नाटक बढ़ता जाए। शेष सब अपने आप पीछे से चला आएगा।
I do not say, “Do not be angry.” As meditation grows, anger becomes impossible. I do not say, “Give up meat.” One whose meditation deepens—how will he be able to eat meat? So I have dropped all conditions and kept only one basic condition: inside, let meditation grow; outside, let playfulness grow. Everything else will come of itself.
पुराने संन्यास के साथ उलटी हालत हो गई है। पुराने संन्यास के साथ यह हालत हो गई है, ठीक उलटी, संसार को तो छोड़ देते हैं पुराने संन्यासी, आज के--पुराने दिन के मैं नहीं कह रहा हूं, वह वक्त गया--आज का जो पुराने ढब का संन्यासी है, वह संसार को तो छोड़ देता है, लेकिन जो कुछ भी वह करता है संन्यासी होकर, उसको भी नाटक नहीं मानता, उसको भी भारी गंभीरता से लेता है।
मकान छूट जाता है, तो आश्रम के मुकदमे अदालतों में चलते चले जाते हैं। उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। इधर बेटे छूट जाते हैं, तो उधर किस शिष्य को उत्तराधिकारी बनाना है, जारी रहता है। कोई फर्क नहीं पड़ता। नाटक नहीं हो पाता। और जिसको नाटक ही हो सकता है, वह घर में ही नाटक कर सकता है, आश्रम तक जाने की ऐसी कोई खास जरूरत नहीं है। और सारी शर्तें पूरी करने की कोशिश की जाती है, सिर्फ एक ध्यान की शर्त पूरी नहीं हो रही। पुराने ढब का संन्यासी सब शर्तें पूरी कर देता है, सिर्फ ध्यान पूरा नहीं कर पा रहा है।
With the old sannyas the reverse has happened—at least with those who follow the old style today. They do leave the world, but they do not take what they do as sannyasins to be a play; they take it with heavy seriousness. The house is left, and then the ashram’s lawsuits drag on in court—no difference. Sons are left, and then the question of whom to appoint as successor goes on—no difference. There is no play. And what can be done as play can be done at home; there is no special need to go to an ashram. All the other conditions are zealously followed—only the single condition of meditation is not being fulfilled. The old-style sannyasin meets every other condition, but cannot manage meditation.
इधर मैं मुल्क में घूमता हूं, बुजुर्ग से बुजुर्ग संन्यासी भी पूछता है कि ध्यान कैसे करें? अभी आया, उसके दो दिन पहले अस्सी वर्ष के एक वृद्ध संन्यासी आए, उन्नीस सौ बत्तीस में संन्यास लिया है। डाक्टर थे। पांच ही साल शिक्षा के बाद काम किया और फिर छोड़ कर संन्यास ले लिया। अस्सी साल की उम्र है। वे मुझसे पूछने आए कि ध्यान कैसे करूं? तो मैंने उनसे पूछा कि आपको संन्यास लिए--उन्नीस सौ बत्तीस--चालीस साल बीतते हैं। आपने अपने गुरु से नहीं पूछा?
उन्होंने कहा, गुरु ने तो कहा था कि यह खाना छोड़ देना, इतने वक्त उठना, इतने वक्त सोना। तो मैं सारा, जो-जो उन्होंने नियम, विधि बताई थी, पूरी कर रहा हूं। लेकिन ध्यान की बात तो उन्होंने मुझे बताई ही नहीं थी! माला फेरता हूं, ब्रह्मसूत्र पढ़ता हूं, उपनिषद पढ़ता हूं, अध्ययन-मनन करता हूं, चिंतन करता हूं। लेकिन ध्यान?
As I travel in the country, even the most senior sannyasins ask me how to meditate. Just two days ago an eighty-year-old sannyasin came—he had taken sannyas in 1932. He had been a doctor. After only five years of practice he renounced and took sannyas. At eighty years of age he came to ask me: “How should I meditate?” I asked him, “It has been forty years since you took sannyas—did you not ask your guru?” He said, “My guru told me: give up this food; rise at this time; sleep at this time. I have followed all the rules and disciplines he gave. But he never told me about meditation! I turn the mala, I read the Brahmasutra, I read the Upanishads, I study, reflect, contemplate—but meditation?”
अगर दूसरी शर्तें बहुत महत्वपूर्ण हैं तो ध्यान पिछड़ जाता है। तो मैं सारी शर्तों को हटा दिया हूं, सिर्फ ध्यान की एक शर्त है। भीतर ध्यान, बाहर नाटक--इतना ही मेरे लिए संन्यास का सूत्र है। शेष सब अपने आप आ जाएगा। आ ही जाता है।
If secondary conditions become too important, meditation gets left behind. So I have removed them all; there is only one condition: inside, meditation; outside, play. That alone is my formula for sannyas. The rest comes by itself—it always does.
सुबह के ध्यान के संबंध में दो बातें आपको कह दूं, फिर हम ध्यान में संलग्न हों।
Two things about the morning meditation, and then we will move into it.
एक तो ध्यान उन लोगों का काम है जो मस्ती में उतरने का साहस जुटा पाएं। गैर-हिम्मत लोगों का काम नहीं है। बुजदिल का काम नहीं है। ध्यान तो एक बड़ा एडवेंचर, एक बड़ा दुस्साहस है। अपने से छलांग लगा कर कहीं गहरे में उतर जाने की बात है। अनजान, अज्ञात, अननोन में उतरने के लिए साहस चाहिए।
First: meditation is for those who can muster the courage to enter into ecstasy. It is not for the faint-hearted. Meditation is a great adventure, a great daring—leaping beyond oneself into some unknown depth. To descend into the unfamiliar, the unknown, the unknowable—you need courage.
और एक बात खयाल रखें, आप अपने को सम्हाल कर उस यात्रा पर न जा सकेंगे, पहली बात। तो साहस करें। जो आप हैं, इस तरह रह कर तो आपने काफी देख लिया, कुछ पाया नहीं। अब एक हिम्मत कुछ और तरह जीने की भी कर लें। अन्यथा इसी भांति मर जाएंगे। जो भी आप हैं, उस तरह तो रह कर आपने--किसी ने तीस साल, किसी ने चालीस साल, किसी ने सत्तर साल देख लिया, कुछ पाया नहीं है। अब मैं आपको कहता हूं, एक और हिम्मत करके भी देख लें। शायद...
Second: remember, you cannot go on that journey while tightly holding yourself together. So be brave. The way you have been—you have seen enough, and gained nothing. Now take the courage to live in a different way; otherwise you will die as you are. You have stayed as you are for thirty, forty, seventy years—and found nothing. I tell you: dare to try another way—perhaps…
लेकिन आप अपने पुराने ढब को पकड़ कर खड़े रहते हैं। आप कहते हैं, मैं तो कभी नाचा नहीं, मैं कैसे नाच सकता हूं! मैं तो कभी कीर्तन किया नहीं, मैं कैसे कीर्तन कर सकता हूं! आप सोचते हैं, मैं तो पढ़ा-लिखा, सुसंस्कृत आदमी हूं, मैं कैसे ऐसा काम कर सकता हूं!
आप काफी सुसंस्कृत होंगे, लेकिन सुसंस्कृत होकर आपने काफी दिन देख लिया, कुछ पाया नहीं है। अब थोथी बातों को उतार कर रखने का वक्त है। उसे उतार कर रख दें एक कोने पर। हिम्मत जुटाएं। नये प्रयोग को करके भी देखें।
But you cling to your old style. You say, “I have never danced—how can I dance? I have never done kirtan—how can I?” You think, “I am an educated, cultured person—how can I do such things?” You may be very cultured—but in that cultured way you have seen enough and found nothing. Now it is time to set aside these hollow ideas. Put them down in a corner. Gather courage. Try a new experiment.
तीन चरण हैं। पहले पंद्रह मिनट में कीर्तन होगा। बड़े आनंद-भाव से करें। तनाव से नहीं, स्ट्रेन से नहीं। यह कोई काम नहीं है। यह कोई काम नहीं है कि आप कोई श्रम कर रहे हैं। आनंद है, आह्लाद है। बहुत मौज से करें, बहुत प्रफुल्लता से करें। कीर्तन में आपकी प्रफुल्लता प्रकट होनी चाहिए। बहुत मधुरता फैल जानी चाहिए आपके चारों तरफ, आपके भीतर-बाहर। बहुत प्रफुल्लता से, बहुत आनंदमग्न होकर करें। तनाव से नहीं, बहुत खिंचे हुए, टेंस नहीं, कि कोई बहुत भारी काम करने जा रहे हैं। नहीं; परमात्मा के साथ एक छोटे से खेल में उतर रहे हैं, बस इतना ही समझें। परमात्मा के साथ एक छोटे से नाच में उतर रहे हैं। मालूम भी नहीं है कि नाच कैसा है। उस नाच के कोई नियम भी नहीं हैं, उसके कोई स्टेप्स भी नहीं हैं। कुछ मालूम नहीं है, लेकिन परमात्मा का हाथ पकड़ कर नाचने के लिए उतर रहे हैं, इस अहोभाव से उतर जाएं।
There are three stages. First fifteen minutes: kirtan. Do it with great joy—not with tension or strain. This is not a task. You are not laboring. It is joy, delight. Do it with great playfulness, great exuberance. Let your joy be expressed in the kirtan. Let a great sweetness spread within and around you. Not tense, not tight, as if doing some heavy work—no; feel you are entering a small play with the divine, a little dance with the divine. You don’t know what the dance is; it has no rules, no steps. Nothing is known—but with the feeling that you are taking the divine by the hand and entering a dance, step in.
पंद्रह मिनट कीर्तन। फिर पंद्रह मिनट के लिए धुन चलती रहेगी, कीर्तन बंद हो जाएगा। फिर व्यक्तिगत रूप से जिसको जो मौज में आए, अपनी मौज में भीतर डूबें और नाचें, आनंदित हों। चिल्लाने की मौज आए, चिल्लाएं; हंसने की मौज आए, हंसें; रोने का मन हो, रो लें। हलके हो जाएं। जो भी भीतर होता हो, उसे करें। पंद्रह मिनट पीछे वह। फिर तीस मिनट के लिए मुर्दे की भांति पड़ जाएं। पहुंच गए उसके द्वार पर नाचते हुए, अब उसकी सीढ़ियों पर सिर रख कर पड़ जाना है। वे समर्पण के क्षण होंगे। उस क्षण कुछ भी नहीं करना है, साक्षी बने देखते रहना है जो भी अनुभव में आए। भीतर बहुत प्रकाश फैल जा सकता है। भीतर बहुत आनंद की पुलक फैल जा सकती है। चारों ओर परमात्मा की मौजूदगी मालूम हो सकती है। उसका स्पर्श, उसका दर्शन, उसकी अनुभूति हो सकती है। लेकिन वे तीस मिनट मौन पड़े रहने के हैं।
Fifteen minutes kirtan. Then for fifteen minutes the music will continue but the kirtan will stop. Then, individually, as your own mood arises, dive within in your own way—dance, rejoice. If the urge to shout comes, shout; if laughter comes, laugh; if tears come, let them flow. Become light. Whatever happens within, allow it.
After that, thirty minutes: lie down like a corpse. Having reached his door dancing, now lay your head upon his steps. These are moments of surrender. In those moments, do nothing. Remain a witness, just watch whatever comes into experience. A great light may spread within. A great thrill of bliss may arise. The presence of the divine may be felt—the touch, the vision, the experience. But for those thirty minutes remain silent and still.
अब हम शुरू करें। और फासले पर फैल जाएंगे, बहुत पास रहेंगे तो नाच न सकेंगे। जगह काफी है। और आप कितने ही मुझसे दूर रहें, परिणाम उतना ही होगा। इसलिए मेरे पास होने का कोई आग्रह न करें, दूर फैल जाएं।
Now we begin. Spread out with some space; if you stay too close, you won’t be able to dance. There is plenty of room. And no matter how far you are from me, the result will be the same. So don’t insist on being near me—spread out.